तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। पोइया घाट, दयालबाग से पोइया गांव तक पीपा पुल के निर्माण की पहल शुरू हो गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं आगरा सांसद प्रो. एस.पी. सिंह बघेल और एत्मादपुर विधायक डॉ. धर्मपाल सिंह के प्रयासों से प्रस्तावित पीपा पुल का निर्माण कराया जाएगा। बुधवार को केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने प्रस्तावित पीपा पुल के निर्माण स्थल का निरीक्षण कर मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पीपा पुल के निर्माण से पोइया घाट से पोइया गांव और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अभी लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है, लेकिन पुल बनने के बाद आवागमन का रास्ता सुगम और सुविधाजनक हो जाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि पीपा पुल क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही आवागमन की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पुल के निर्माण से लोगों का समय और ईंधन दोनों बचेंगे। साथ ही आसपास के गांवों के लोगों को आने-जाने में काफी सुविधा मिलेगी। प्रस्तावित पीपा पुल बनने से क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के लिए यह पुल दयालबाग और पोइया गांव के बीच संपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। केंद्रीय राज्यमंत्री और एत्मादपुर विधायक के प्रयासों से शुरू हुई इस पहल को क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी सौगात के तौर पर देखा जा रहा है। पुल निर्माण से विशेष रूप से उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें रोजमर्रा के कामों के लिए नदी के दूसरी ओर आने-जाने में लंबा रास्ता तय करना पड़ता है।





