पत्रकारों को मिलेगा कैशलेस इलाज, आयुष्मान पोर्टल Go-Live

City/ STATE'S Cover Story NATIONAL आगरा उत्तर प्रदेश

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान / ज़ाहिद सलमानी 

लखनऊ। प्रदेश के मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब उन्हें आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) के तहत कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी द्वारा विकसित नवीन पोर्टल को Go-Live करने की सहमति प्रदान कर दी गई है। सूचना निदेशालय के सभागार में सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को आयुष्मान योजना का लाभ दिलाने के लिए तैयार किए गए पोर्टल को लेकर विस्तृत बैठक और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्टेट हेल्थ एजेंसी, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अधिकारियों ने पोर्टल के Process Flow का प्रस्तुतिकरण किया।

अधिकारियों ने लाइव डेमो के माध्यम से मान्यता प्राप्त पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड जारी करने, आवेदन करने, सत्यापन कराने और कार्ड डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया समझाई। प्रशिक्षण में सूचना निदेशालय मुख्यालय के साथ-साथ प्रदेश के सभी जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पोर्टल को पत्रकारों के लिए सरल और सुगम बनाया गया है, ताकि अधिक से अधिक मान्यता प्राप्त पत्रकार और उनके परिजन इस सुविधा का जल्द लाभ उठा सकें। उन्होंने प्रदेश के सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके परिजनों के अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं, उनकी सभी औपचारिकताएं पूरी कराकर एक सप्ताह के भीतर उनका विवरण पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इसकी सूचना मुख्यालय को भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगे की कार्रवाई मुख्यालय स्तर से तेजी से पूरी कराई जा सके। सूचना निदेशक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही न बरती जाए। बैठक में वरिष्ठ वित्त एवं लेखाधिकारी संजय कुमार सिंह, सहायक निदेशक सतीश चन्द्र भारती, डॉ. जितेन्द्र प्रताप सिंह, अमित कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *