30 अक्टूबर को महिला आयोग की अध्यक्ष करेंगी जनसुनवाई

City/ STATE'S Cover Story NATIONAL POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान / मोनिश उद्दीन 

आगरा। जनपद में महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डाॅ. बबीता सिंह चौहान 30 अक्टूबर को आगरा पहुंचेंगी। नवीन सर्किट हाउस सभागार में सुबह 11 बजे महिला जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए जाएंगे। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष द्वारा जनसुनवाई के साथ-साथ जिले में महिलाओं से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी। इसके लिए महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, अल्पसंख्यक कल्याण, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, पंचायती राज, कौशल विकास, परिवहन तथा मातृ-शिशु एवं परिवार कल्याण विभाग समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहेंगे। महिला उत्पीड़न के मामलों की होगी समीक्षा महिला जनसुनवाई के दौरान जनपद में सामने आए महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों की समीक्षा भी की जाएगी। पुलिस आयुक्त अथवा उनके द्वारा नामित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, महिला थानाध्यक्ष और संबंधित थाने के क्षेत्राधिकारी बैठक में उपस्थित रहेंगे। महिला उत्पीड़न से जुड़े मामलों में पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई की जानकारी ली जाएगी और लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण पर जोर रहेगा। पीड़ित महिलाएं सीधे रख सकेंगी अपनी समस्या जनसुनवाई में पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायत और समस्या सीधे राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के समक्ष रख सकेंगी। संबंधित विभागों के अधिकारी भी अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं और सूचनाओं के साथ मौके पर मौजूद रहेंगे। प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए उनके निस्तारण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी। महिला आयोग की ओर से महिलाओं से अपील की गई है कि यदि उन्हें किसी प्रकार के उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या अन्य समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिला जनसुनवाई का लाभ उठाएं। 30 अक्टूबर को सुबह 11 बजे नवीन सर्किट हाउस सभागार में होने वाली यह जनसुनवाई महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *