तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस के साइबर क्राइम विशेषज्ञ विजय तोमर को साइबर अपराध की रोकथाम, डिजिटल सुरक्षा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए नेशनल पुलिस ग्रुप–ऑल इंडिया पुलिस फैमिली द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। यह सम्मान साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी व साइबर अपराधों से बचाने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की सराहना स्वरूप प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद विजय तोमर ने इसे अपने लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने वरिष्ठ अधिकारियों, सहयोगियों तथा उन सभी लोगों को दिया जिन्होंने उनके कार्यों पर विश्वास जताया और सहयोग किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें साइबर अपराध की रोकथाम, डिजिटल सुरक्षा को मजबूत बनाने और लोगों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक करने के लिए पहले से अधिक समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। वर्तमान समय में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के बीच लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना बेहद आवश्यक हो गया है। ऐसे में विजय तोमर द्वारा संचालित जागरूकता अभियान और साइबर सुरक्षा संबंधी प्रयास समाज में सुरक्षित डिजिटल वातावरण बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह सम्मान न केवल विजय तोमर की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।





