तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। शरद पूर्णिमा के मौके पर चांदनी रात में ताजमहल के दीदार को लेकर पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। रविवार 25 अक्टूबर के रात्रि दर्शन के लिए उपलब्ध सभी 400 टिकट पहले ही बुक हो गए। ऑनलाइन टिकट की सुविधा के चलते पर्यटक घर बैठे ही ताजमहल के रात्रि दर्शन की बुकिंग कर रहे हैं। ताजमहल के रात्रि दर्शन के लिए ऑनलाइन टिकट की सुविधा शुरू कराने में आगरा डेवलपमेंट फाउंडेशन (एडीएफ) और वरिष्ठ अधिवक्ता के.सी. जैन की लगातार पैरवी की अहम भूमिका रही है। पहले पर्यटकों को टिकट खरीदने के लिए एक दिन पहले आगरा पहुंचकर एएसआई के मॉल रोड स्थित कार्यालय जाना पड़ता था और कतार में लगकर टिकट लेना होता था। के.सी. जैन ने बताया कि एडीएफ की ओर से वर्ष 2015 से ऑनलाइन टिकट की सुविधा के लिए प्रयास किए जा रहे थे। वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट में इस संबंध में आवेदन दाखिल किया गया। लगातार पैरवी के बाद 9 नवंबर 2022 को सुप्रीम कोर्ट ने ताजमहल के रात्रि दर्शन के लिए ऑनलाइन बुकिंग की अनुमति दी। इसके बाद एएसआई ने 1 मई 2023 से ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी। वर्तमान में एक रात में अधिकतम 400 पर्यटकों को ताजमहल में रात्रि दर्शन की अनुमति दी जाती है। पर्यटकों को 50-50 के आठ समूहों में प्रवेश दिया जाता है और प्रत्येक समूह को करीब आधे घंटे का समय मिलता है। भारतीय वयस्क पर्यटक के लिए रात्रि दर्शन का टिकट 510 रुपये है। के.सी. जैन का कहना है कि ऑनलाइन टिकट सुविधा से पर्यटकों को बड़ी राहत मिली है। अब वे घर बैठे टिकट की उपलब्धता देखकर अपनी यात्रा, होटल और आने-जाने की व्यवस्था पहले से तय कर सकते हैं। शरद पूर्णिमा जैसे विशेष अवसरों पर इस सुविधा का महत्व और बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि ताजमहल का रात्रि दर्शन आगरा में पर्यटकों के ठहराव को बढ़ाने में भी मददगार हो सकता है। इससे होटल, रेस्तरां, गाइड, परिवहन और स्थानीय कारोबार को लाभ मिलने की संभावना है।





