तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। जिले में प्राथमिक एवं बेसिक शिक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। जिलाधिकारी की स्वीकृति के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत कई खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) को अतिरिक्त विकास खंडों का प्रभार सौंपा गया है।

जारी आदेश के अनुसार उमेश गौतम को अकोला, अमर नाथ को शमसाबाद, जगत सिंह राजपूत को फतेहाबाद, सुनील कुमार सिंह को नगर, महेश चन्द्र को सैंया, सौरभ आनन्द को अछनेरा, रंजन गुप्ता को खेरागढ़ तथा धर्मराज सरोज को जैतपुरकलां का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं महेन्द्र कुमार का कार्यभार एत्मादपुर में पूर्ववत रखा गया है। 10 जुलाई 2026 को जारी इस आदेश में सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नए दायित्वों का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विकास कार्यों, शैक्षिक योजनाओं और विभागीय कार्यक्रमों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया है। शिक्षा विभाग के इस प्रशासनिक फेरबदल को जिले में प्राथमिक एवं बेसिक शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों से शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विद्यालयों की नियमित निगरानी, शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार तथा विकास कार्यों में तेजी लाने की अपेक्षा की गई है।





