104वें उर्स-ए-मुबारक में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ताजबाग़ शरीफ़ में लगाई हाज़िरी

City/ STATE'S धर्म/ आध्‍यात्‍म/ संस्‍कृति नागपुर महाराष्ट्र

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी 

नागपुर। हज़रत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह के 104वें उर्स-ए-मुबारक के अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ताजबाग़ शरीफ़ पहुंचकर बाबा की बारगाह में अकीदत के फूल पेश किए। उन्होंने दरगाह पर माथा टेककर देश में अमन, खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की। इस दौरान बड़ी संख्या में देशभर से आए जायरीन और श्रद्धालुओं ने भी उर्स की रूहानी फ़िज़ा में अपनी हाज़िरी दर्ज कराई। हज़रत बाबा ताजुद्दीन ट्रस्ट की ओर से केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर पूरी तरह आध्यात्मिक माहौल में सराबोर नजर आया, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा की बारगाह में हाज़िरी लगाकर अपनी मन्नतें और दुआएं पेश कीं। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मशहूर फ़नकार मुज्तबा अज़ीज़ नाज़ा की रूहानी कव्वाली महफ़िल में भी शिरकत की। सूफ़ियाना कलाम और इश्क़-ए-इलाही से सजी प्रस्तुति ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। कव्वाली की गूंज के बीच मौजूद लोगों ने मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे के संदेश को आत्मसात किया।अपने संबोधन में नितिन गडकरी ने कहा कि हज़रत बाबा ताजुद्दीन रहमतुल्लाह अलैह की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा देने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने लोगों से बाबा की तालीमात—मोहब्बत, इंसानियत, अमन, सौहार्द और आपसी भाईचारे—को अपने जीवन में अपनाने और समाज में इन मूल्यों को आगे बढ़ाने की अपील की। 104वें उर्स-ए-मुबारक के अवसर पर धार्मिक आस्था, सूफ़ी परंपरा और सामाजिक सद्भाव का अद्भुत संगम देखने को मिला। दरगाह पर देश की शांति, समृद्धि और सभी नागरिकों की खुशहाली के लिए विशेष दुआएं की गईं। पूरे आयोजन में गंगा-जमुनी तहज़ीब, श्रद्धा और आध्यात्मिकता की खूबसूरत झलक दिखाई दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *