तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
लखनऊ। प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं आगरा मंडल के पूर्व मंडलायुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें ग्रामीण विकास मंत्रालय में डायरेक्टर नियुक्त किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुई इस नियुक्ति के बाद अब ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निगरानी तथा केंद्र सरकार से मिलने वाली धनराशि के बेहतर उपयोग की जिम्मेदारी उनके नेतृत्व में सुनिश्चित की जाएगी। शैलेंद्र कुमार सिंह को यह दायित्व उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव, कार्यकुशलता और बेदाग छवि को देखते हुए सौंपा गया है। प्रशासनिक गलियारों में उन्हें एक ईमानदार, कर्मठ और संवेदनशील अधिकारी के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने अपने हर दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। ब्रज क्षेत्र से उनका विशेष जुड़ाव रहा है। आगरा मंडल के मंडलायुक्त बनने से पहले वे मथुरा के जिलाधिकारी और उससे पहले सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनसुनवाई, प्रशासनिक पारदर्शिता और विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिससे आम जनता के बीच उनकी अलग पहचान बनी। उनकी कार्यशैली की सबसे बड़ी विशेषता आमजन के प्रति सहज, सरल और सम्मानजनक व्यवहार रही है। वे छोटे से छोटे व्यक्ति की समस्या को भी गंभीरता से सुनने और उसका समाधान कराने के लिए जाने जाते हैं। यही कारण है कि वे जनता के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों के बीच भी काफी लोकप्रिय रहे हैं। मूल रूप से आजमगढ़ के निवासी शैलेंद्र कुमार सिंह का ब्रजभूमि से विशेष लगाव रहा है। मथुरा और आगरा में उनके कार्यकाल को आज भी विकासोन्मुख और जनहितकारी प्रशासन के लिए याद किया जाता है। ग्रामीण विकास मंत्रालय में डायरेक्टर के रूप में उनकी नियुक्ति को प्रदेश सरकार द्वारा अनुभवी और परिणामोन्मुख अधिकारियों पर जताए गए भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। प्रशासनिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लोगों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में ग्रामीण विकास योजनाओं की निगरानी, पारदर्शिता और क्रियान्वयन को नई गति मिलेगी।





