तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्लाम अब्बास
आगरा। निर्मल सेवा सदन, छीपीटोला में भारतीय जैन संघटना (BJS) द्वारा श्रुत मंथन वर्षायोग समिति, छीपीटोला आगरा के सहयोग से जैन समाज की बेटियों के लिए निःशुल्क ‘स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संत चर्या शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य भगवान श्री 108 विशुद्ध सागर महामुनिराज के तीन अनमोल रत्न एवं परम प्रभावक सुयोग्य शिष्य श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज, श्रमण मुनि श्री 108 शील सागर महाराज एवं श्रमण मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत पदाधिकारियों द्वारा आचार्य विराग सागर महाराज के चित्र का अनावरण एवं मुनिश्री के पाद प्रक्षालन के साथ की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में जैन समाज की बेटियां एवं समाज के लोग मौजूद रहे। श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज ने बालिकाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में होने वाली प्रत्येक घटना के पीछे कोई न कोई कारण होता है। यदि व्यक्ति अपने जीवन में आई परेशानियों और असफलताओं के कारण को समझने का प्रयास करे तो वह अपनी दिशा बदल सकता है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा में अपेक्षित अंक न आने, किसी कार्य के मनमुताबिक न होने या जीवन में उतार-चढ़ाव आने पर परेशान होने के बजाय व्यक्ति को यह विचार करना चाहिए कि आखिर गलती कहां हुई और उसका कारण क्या था। जो लोग अपनी पुरानी गलतियों से सीखते हैं, वे ही जीवन में सही दिशा पकड़कर आगे बढ़ सकते हैं। मुनिश्री ने बालिकाओं से संवाद करते हुए उनकी दिनचर्या और व्यवहार से जुड़े सवाल भी किए। उन्होंने कहा कि कई बार हम माता-पिता से अच्छा बोलना चाहते हैं, लेकिन गुस्से या झुंझलाहट में ऐसी बातें कह जाते हैं, जिनका बाद में हमें एहसास होता है। इसलिए अपने व्यवहार, समय और आदतों पर विचार करना जरूरी है।

दिल्ली से आई विशेष ट्रेनर प्रिया जैन और अंजना जैन ने स्मार्ट गर्ल वर्कशॉप के उद्देश्य और उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बेटियों को केवल उड़ान भरने के लिए पंखों की जरूरत नहीं है, बल्कि जमीन से जुड़े रहने के लिए मजबूती भी जरूरी है। स्मार्ट गर्ल कार्यक्रम बेटियों को जीवन में सफल, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनने के लिए तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में भारतीय जैन संगठन उत्तर प्रदेश के राज्य महामंत्री सुरेंद्र कुमार जैन, राज्य चेयरमैन एवं कार्यक्रम संयोजक अंकेश जैन, जिला अध्यक्ष शैलेंद्र जैन, ऑफिस कोऑर्डिनेटर कुमार मंगलम, राजीव जैन, दीपक जैन सहित BJS के पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस मौके पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के मनोज जैन, रमेश जैन, प्रवीन जैन (पद्मावती), आनंद जैन, शैलेश जैन (लाला जी), मुकेश जैन, रमेश जैन, आशीष जैन, विवेक जैन, चक्रेश जैन, सतेंद्र जैन (साहुल), आशीष जैन (बाबा), राजीव जैन, सचिन जैन (तार), आशु (वी.के), रोहित जैन, नितिन, सनी, अनिकेत सहित मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं समस्त मंडल के पदाधिकारी और सकल जैन समाज के लोग उपस्थित रहे।





