आगरा के 5,600 रसोइयों को मिला बड़ा तोहफा

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी प्रधानमंत्री भाजपा

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्तिकार खान 

आगरा। पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों के सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन रविवार को होली पब्लिक स्कूल, सिकंदरा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाधिकारी मनीष बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह एवं बीएसए राकेश कुमार सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया।

लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के सजीव प्रसारण को अधिकारियों, शिक्षकों एवं रसोइयों ने उत्साहपूर्वक देखा और सुना। इस दौरान कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय फतेहपुर सीकरी की छात्राओं ने स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समां बांध दिया।

कार्यक्रम में प्रत्येक विकासखंड से एक-एक रसोइये को सम्मानित करते हुए कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा बढ़े हुए मानदेय का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया गया। प्रदेश में पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत 3.54 लाख रसोइयों को ₹5 लाख तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देने के लिए चिकित्सा कार्ड वितरण की शुरुआत की गई। आगरा जनपद में करीब 5,600 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। रसोइयों के लिए एक और बड़ी घोषणा करते हुए उनके मानदेय में ₹1,000 प्रतिमाह की वृद्धि की गई है। अब रसोइयों को कुल ₹3,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। वहीं ड्रेस/साड़ी के लिए मिलने वाली धनराशि भी ₹500 से बढ़ाकर ₹1,000 कर दी गई है।

रसोइयों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए ₹2 लाख तक के दुर्घटना बीमा की सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ एमओयू का आदान-प्रदान भी किया गया।

 

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रदेश में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत 3.54 लाख रसोइयों में करीब 93 प्रतिशत महिलाएं हैं। रसोइयों की कार्यक्षमता और बच्चों के पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किचेन गार्डन एवं पाक कला प्रतियोगिता शुरू की जाएगी। साथ ही पोषण संबंधी विषयों पर फिल्म के माध्यम से रसोइयों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पीएम पोषण योजना को सफल बनाने में रसोइयों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कैशलेस चिकित्सा सुविधा, बढ़ा हुआ मानदेय, दुर्घटना बीमा और ड्रेस के लिए बढ़ाई गई राशि से रसोइयों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा के साथ प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नगर सुमित कुमार, डीसी बालिका कुलदीप कुमार तिवारी सहित बड़ी संख्या में रसोइये एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *