तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
बांदा। मरका थाना क्षेत्र के गुजैनी गांव में बरसाती नाले के तेज बहाव की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों ग्रामीण मवेशी चराकर वापस लौट रहे थे और बरसाती नाला पार करने की कोशिश कर रहे थे।

बताया जा रहा है कि नाला पार करते समय अचानक तेज बहाव आने से तीनों ग्रामीण पानी की चपेट में आ गए और बहने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

रेस्क्यू टीम ने काफी प्रयास के बाद तीनों ग्रामीणों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की खबर से गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा हादसे के संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से घटना की जानकारी जुटाने के साथ ही पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।





