तहसील बाह में डीएम का सख्त रुख, लापरवाही पर राजस्व निरीक्षक से जवाब तलब

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी पुलिस प्रशासन

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। तहसील बाह में जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

समाधान दिवस के दौरान भूमि विवाद से जुड़े मामलों में डीएम ने राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं बसई अरेला निवासी रामप्रकाश की शिकायत पर, बार-बार आवेदन देने के बावजूद भूमि पैमाइश नहीं कराने वाले राजस्व निरीक्षक दिनेश अग्रवाल से मौके पर ही जवाब तलब किया गया। साथ ही नायब तहसीलदार के नेतृत्व में जांच समिति गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। जिलाधिकारी ने तहसील में कार्यरत कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ लगातार मिल रही लापरवाही की शिकायतों पर भी कड़ी फटकार लगाते हुए जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। विद्युत सखियों के लंबित ओटीएस और टीडीएस भुगतान में हो रही देरी का संज्ञान लेते हुए डीसी एनआरएलएम को शीघ्र भुगतान कराने के निर्देश भी दिए।

नगर पंचायत पिनाहट में विभिन्न विकास कार्यों में अनियमितता और वित्तीय गड़बड़ी की शिकायतों की जांच के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पालिका बाह में साफ-सफाई और सड़क किनारे कच्चे मार्गों की समस्या पर अधिशासी अधिकारी को नियमित सफाई और इंटरलॉकिंग कार्य कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायतकर्ता से व्यक्तिगत संपर्क कर उनकी समस्या का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें, स्थलीय निरीक्षण के बाद शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी दें तथा पूरी कार्रवाई का विवरण पोर्टल पर अपलोड करें।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतें राजस्व, पुलिस, समाज कल्याण, विकास, विद्युत, पेंशन, राशन, भूमि विवाद, अतिक्रमण, चकरोड और नाली निर्माण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित थीं।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, अपर जिलाधिकारी अजय नारायण, उपजिलाधिकारी (न्यायिक) रजत कुशवाह, तहसीलदार संपूर्ण कुलश्रेष्ठ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *