तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान
आगरा। ताजमहल घूमने आई केरल की एक महिला पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने पर ताज सुरक्षा पुलिस की मुस्तैदी देखने को मिली। पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने बिना देर किए महिला को प्राथमिक उपचार दिलाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। जानकारी के अनुसार केरल से आए पर्यटकों के एक समूह के साथ 62 वर्षीय महिला पर्यटक श्रीमती रेहाना मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे ताजमहल का दीदार कर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान पश्चिमी गेट के विकास गेट के बाहर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं। महिला के गिरते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर तैनात थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम ने तुरंत स्थिति को संभाला। पुलिसकर्मियों ने महिला को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर कूलर की हवा में बैठाया और उन्हें ओआरएस का घोल पिलाया। साथ ही पश्चिमी पर्यटन सुविधा केंद्र से डॉक्टर रिंकू बघेल की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार दिए जाने के बाद कुछ देर में महिला पर्यटक की हालत सामान्य हो गई। स्वास्थ्य में सुधार होने पर महिला और उनके परिजनों ने आगरा पुलिस और ताज सुरक्षा पुलिस टीम का आभार जताया। इसके बाद पर्यटक दल सुरक्षित अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गया। इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी विजय प्रताप यादव और महिला मुख्य आरक्षी सविता की अहम भूमिका रही। ताजमहल पर तैनात पुलिसकर्मियों की इस संवेदनशीलता और तत्परता की पर्यटकों द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है।





