तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। थाना न्यू आगरा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए तंत्र-मंत्र के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹15,000 बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को पीड़ित अपने भतीजे के साथ रुपये लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान दयालबाग रोड स्थित एसबीआई एटीएम के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया और 51 कदम चलने पर हाथ में हनुमान जी की मूर्ति मिलने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान आरोपियों ने पीड़ित से उसके पास मौजूद नकदी की जानकारी ली और मौका पाकर ₹41,300 लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना न्यू आगरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जाविद, मोहम्मद शमद और मोहम्मद शाहिद को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास से खर्च किए गए रुपयों में से ₹15,000 बरामद किए गए। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। थाना न्यू आगरा पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।





