तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। थाना मलपुरा क्षेत्र में स्थित एक गत्ते के गोदाम में गुरुवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का विशाल गुबार दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग की 8 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया, जो लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित कराया, जबकि दमकल कर्मी राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए आग को फैलने से रोकने में जुटे हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है।गोदाम में रखे गत्ते और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य जारी है और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास किए जा रहे हैं। नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद किया जाएगा।





