तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। बारिश के बीच भी ताजमहल पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधा और स्वागत का सिलसिला लगातार जारी है। सहायक पुलिस आयुक्त ताज सुरक्षा यतेंद्र सिंह नागर के निर्देशन में थाना ताज सुरक्षा पुलिस ने सोमवार को ताजमहल के पश्चिमी प्रवेश द्वार पर अमेरिका, जापान समेत विभिन्न देशों से आए पर्यटकों का “अतिथि देवो भवः” और “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया तथा उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, बिहार और पश्चिम बंगाल से आई महिला पर्यटकों को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।

प्रभारी निरीक्षक थाना ताज सुरक्षा ने बताया कि पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुखद वातावरण उपलब्ध कराने के लिए ताजमहल के पश्चिमी गेट पर ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) लगातार तैनात रहती है, जो हर समय पर्यटकों की सहायता के लिए तत्पर रहती है।

ताज सुरक्षा पुलिस की फ्रेंडली पुलिसिंग और संवेदनशील व्यवहार से प्रभावित पर्यटकों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। इस अभियान में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, मुख्य आरक्षी किरण पाल सिंह एवं महिला आरक्षी सुलेखा यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





