धौलपुर जंक्शन पर हिंदी को मिला बढ़ावा राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन

आगरा। आगरा मंडल के धौलपुर जंक्शन स्टेशन पर शुक्रवार को राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर त्रैमासिक हिंदी बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्टेशन एवं उससे जुड़े कार्यालयों में हिंदी में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा और अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने राजकीय कामकाज में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर जोर दिया। बैठक में बताया गया कि धौलपुर जंक्शन स्टेशन एवं स्टेशन परिसर स्थित अन्य कार्यालयों में राजभाषा हिंदी का बेहतर तरीके से प्रयोग किया जा रहा है। हिंदी में कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए धौलपुर रेलवे स्टेशन को पहले ही सम्मान मिल चुका है।

30 जुलाई 2026 को धौलपुर में आयोजित नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक में केंद्रीय सरकार के कार्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए आगरा मंडल के धौलपुर रेलवे स्टेशन को शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया था। आगरा मंडल में राजभाषा हिंदी के कार्यों को मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता एवं मंडल राजभाषा अधिकारी वीरेंद्र सिंह की देखरेख में आगे बढ़ाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी कामकाज में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों को भी इसके प्रभावी उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। आगरा मंडल में स्टेशन राजभाषा की 10 समितियां गठित हैं, जिनकी त्रैमासिक बैठकें आयोजित की जाती हैं। इसके अलावा मंडल में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तीन समितियां—आगरा, मथुरा एवं धौलपुर में गठित हैं। इन समितियों के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रयोग की नियमित समीक्षा की जाती है। राजभाषा विभाग द्वारा समय-समय पर त्रैमासिक, अर्धवार्षिक एवं वार्षिक रिपोर्ट भेजी जाती हैं और निर्धारित बैठकों का संचालन भी किया जाता है। बैठक के दौरान हिंदी के अधिकाधिक और प्रभावी प्रयोग को लेकर कर्मचारियों को जागरूक करने के साथ सरकारी कार्यों में राजभाषा नीति के अनुपालन पर भी जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *