ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता से परिवार में लौटी मुस्कान

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश ताज सुरक्षा पुलिस ताजमहल पर्यटक

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

आगरा। ताजमहल घूमने आए फिरोजाबाद के एक परिवार के लिए उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब उनका 6 वर्षीय बेटा भीड़ के बीच परिजनों से बिछड़ गया। ताज सुरक्षा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 30 मिनट के भीतर मासूम को उसके माता-पिता से सकुशल मिलाकर परिवार की खुशियां लौटा दीं। जानकारी के अनुसार फिरोजाबाद निवासी श्यामसुंदर अपने परिवार के साथ ताजमहल देखने आए थे। दोपहर करीब 2 बजे पश्चिमी प्रवेश द्वार के पास उनका 6 वर्षीय पुत्र निशांत कुमार भीड़ में परिजनों से बिछड़ गया। बच्चा रोते हुए नीम तिराहा बैरियर की ओर जा रहा था, तभी वहां ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक शिवराज सिंह की नजर उस पर पड़ी।उप निरीक्षक शिवराज सिंह ने बच्चे को अपने पास बुलाकर शांत कराया और उससे जानकारी लेने का प्रयास किया। बच्चा इतना ही बता सका कि वह अपने माता-पिता से बिछड़ गया है। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक तिलकराम भाटी के निर्देशन में ताज सुरक्षा पुलिस ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, रेडियो अनाउंसमेंट और आरटी सेट संदेशों की मदद से बच्चे के परिजनों की तलाश की और करीब 30 मिनट के भीतर उसके माता-पिता को खोजकर मासूम को उनके सुपुर्द कर दिया। अपने बेटे को सकुशल पाकर बच्चे की मां भावुक होकर रो पड़ी, जबकि पिता ने ताज सुरक्षा पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आगरा पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस सराहनीय कार्य में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक आशना बी, मुख्य आरक्षी किरन पाल सिंह, आरक्षी दुर्गेश कुमार एवं महिला आरक्षी गुड्डी देवी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ताज सुरक्षा पुलिस की यह त्वरित कार्रवाई एक बार फिर पर्यटकों की सुरक्षा और विश्वास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *