तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
नई दिल्ली/आगरा। अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर एवं एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर (ट्रेन संख्या 51901/51902) के नियमित ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी तथा पंचायती राज राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने मंगलवार को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर उन्हें मांग पत्र सौंपा।

प्रो. बघेल ने रेल मंत्री को बताया कि बरहन–एटा रेल लाइन पर स्थित अवागढ़ रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र, किसान, व्यापारी, कर्मचारी और आम नागरिक आगरा, एटा तथा अन्य स्थानों के लिए यात्रा करते हैं। बावजूद इसके संबंधित पैसेंजर ट्रेन का यहां ठहराव नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है और उन्हें दूसरे स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है। उन्होंने कहा कि अवागढ़ एक महत्वपूर्ण कस्बा, ब्लॉक, थाना और नगर पंचायत है। यहां ट्रेन का नियमित ठहराव होने से न केवल स्थानीय नागरिकों बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। इससे शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और व्यापार के लिए आगरा एवं एटा आने-जाने वाले लोगों की यात्रा अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी। केंद्रीय राज्यमंत्री ने रेल मंत्री से जनहित को ध्यान में रखते हुए अवागढ़ रेलवे स्टेशन पर आगरा फोर्ट–एटा पैसेंजर/एटा–आगरा फोर्ट पैसेंजर के नियमित ठहराव के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया। इस पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मामले पर सकारात्मक विचार करने और रेलवे के संबंधित अधिकारियों से नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।





