चित्र प्रदर्शनी में बयां हुई 1947 की त्रासदी और विस्थापन का दर्द

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ अरुण अग्रवाल 

आगरा। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आगरा मंडल द्वारा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक, आगरा गगन गोयल एवं सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी आरवी सिंह ने किया।

प्रदर्शनी में विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले तथा विस्थापन का दर्द झेलने वाले लाखों भारतीयों की स्मृतियों से जुड़े चित्र प्रदर्शित किए गए। तस्वीरों के माध्यम से वर्ष 1947 के दौरान पैदा हुई विषम परिस्थितियों, लोगों के विस्थापन और उन्हें सुरक्षित रूप से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने में भारतीय रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाया गया। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर स्क्रीन डिस्प्ले और ऑडियो माध्यम से भी विभाजन विभीषिका से संबंधित जानकारी एवं संदेशों का प्रसारण किया गया। प्रदर्शनी में उस दौर की परिस्थितियों, लोगों के संघर्ष, पीड़ा और विस्थापन के दौरान रेलवे द्वारा किए गए प्रयासों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी आरवी सिंह का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभाजन से जुड़े चित्रों एवं जानकारी का जायजा लिया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी का उद्देश्य विभाजन के दौरान हुई त्रासदी और विस्थापन का दर्द झेलने वाले लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को स्मरण करना है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उस दौर के इतिहास से परिचित हो सकें। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अरुण सिंह तोमर, स्टेशन निदेशक संतोष त्रिपाठी सहित रेलवे के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *