मॉनसून को लेकर अलर्ट हुआ उत्तर मध्य रेलवे

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश निरीक्षण रेलवे

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर 

आगरा। मॉनसून के दौरान ट्रेनों का सुरक्षित और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर मध्य रेलवे पूरी तरह सतर्क हो गया है। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मॉनसून तैयारियों और संरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में मुख्यालय के सभी विभागाध्यक्षों के साथ विभिन्न मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। महाप्रबंधक ने कहा कि बारिश के मौसम में यात्रियों की सुरक्षा और रेल संचालन को सुचारु बनाए रखना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी संभावित दुर्घटना या व्यवधान से बचने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

महाप्रबंधक ने फील्ड अधिकारियों को संवेदनशील रेल सेक्शनों का स्वयं निरीक्षण करने, जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए राहत सामग्री की उपलब्धता और ‘मॉनसून वैगन’ को हर समय पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अचानक आने वाली बाढ़ (फ्लैश फ्लड) की संभावित स्थिति पर विशेष निगरानी रखने और रेलवे पुलों की नियमित जांच के निर्देश दिए, ताकि नदियों और नालों के बढ़ते जलस्तर से रेल ट्रैक को किसी प्रकार का खतरा न हो। इसके अलावा, रेलवे ट्रैक, बैलास्ट, ड्रेनेज सिस्टम और सिग्नलिंग व्यवस्था का गहन निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। ट्रैक पर जलभराव रोकने और सिग्नलिंग फेल होने जैसी समस्याओं से बचाव के लिए रखरखाव टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने को कहा गया है। उत्तर मध्य रेलवे का कहना है कि मॉनसून के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और समयबद्ध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *