तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। तहसील सदर में शनिवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद से संबंधित मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर उनसे वार्ता करें, स्थलीय निरीक्षण के बाद शिकायतों का निस्तारण करें तथा पूरी कार्यवाही पोर्टल पर अपलोड की जाए, ताकि शिकायतकर्ता को भी निस्तारण की जानकारी मिल सके। समाधान दिवस के दौरान कुल 139 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों में प्रमुख रूप से विद्युत, पेंशन, राशन, भूमि विवाद, चकरोड निर्माण एवं अतिक्रमण, नाली निर्माण और अवैध कब्जों से जुड़े मामले शामिल रहे।

विभागवार प्राप्त शिकायतों में 42 राजस्व, 28 पुलिस, 18 नगर निगम, 9 आगरा विकास प्राधिकरण, 8 टोरेंट पावर/विद्युत, 4 विकास खंड, 1 शिक्षा विभाग तथा 29 अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें शामिल थीं। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, डीसीपी सैयद अली अब्बास, उप जिलाधिकारी सदर विक्रम सिंह राघव, तहसीलदार सत्येंद्र कुमार, नायब तहसीलदार प्रियंका चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





