तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। मॉडल भवन निर्माण एवं विकास उपविधि तथा मॉडल जोनिंग रेगुलेशन्स-2025 के तहत आम नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से शनिवार को प्राधिकरण परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। उपाध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में मानचित्र स्वीकृति और शमन स्वीकृति से जुड़े मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविर में प्राधिकरण के सभी वार्डों के प्रभारी प्रवर्तन अधिकारी, नगर नियोजक, सहायक अभियंता तथा अवर अभियंता (प्रवर्तन एवं मानचित्र) मौजूद रहे। इस दौरान करीब 9 आवेदनकर्ताओं, आर्किटेक्ट्स और इंजीनियरों ने भाग लेकर मॉडल भवन निर्माण एवं विकास उपविधि एवं मॉडल जोनिंग रेगुलेशन्स-2025 की जानकारी प्राप्त की तथा अपने आवेदनों का निस्तारण कराया।

शिविर में प्राप्त आवेदनों में से 6 शमन (कम्पाउंडिंग) आवेदनों का निस्तारण किया गया, जबकि 10 भवन मानचित्रों को स्वीकृति प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के विशेष शिविरों का उद्देश्य नागरिकों को एक ही स्थान पर त्वरित, पारदर्शी और सरल सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिससे समय की बचत के साथ अनावश्यक भागदौड़ भी कम हो सके।

प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय शनिवार (सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर) आयोजित होने वाले विशेष शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मॉडल भवन निर्माण एवं विकास उपविधि तथा मॉडल जोनिंग रेगुलेशन्स-2025 के तहत उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं।





