तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। आम आदमी पार्टी महानगर आगरा के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को कालिंदी विहार, यमुनापार स्थित बुद्धा पार्क का निरीक्षण किया। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पार्क पहली ही बरसात में बदहाल हो गया है और निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं हुई हैं। महानगर अध्यक्ष दिलीप बंसल के निर्देश पर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्य समिति के सदस्य कपिल बाजपेई ने किया। निरीक्षण के दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि पार्क में वर्षा जल निकासी और रेन वाटर हार्वेस्टिंग की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। कई स्थानों पर पानी की निकासी के लिए बाउंड्रीवाल तोड़ी गई है, जबकि कुछ हिस्सों में दीवारें क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी दावा किया कि महात्मा बुद्ध की प्रतिमा और अन्य मूर्तियों में दरारें दिखाई दे रही हैं, कई प्लेटफॉर्म चटक गए हैं तथा पौधारोपण भी मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। पार्टी नेताओं ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान कपिल बाजपेई ने आरोप लगाया कि सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया है और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इस पर मौन हैं। उन्होंने कहा कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। आम आदमी पार्टी ने घोषणा की है कि 14 जुलाई को दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक बुद्धा पार्क परिसर में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। पार्टी ने भगवान बुद्ध के अनुयायियों और सभी सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों से इस प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।





