तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / अजेंद्र सिंह चौहान
आगरा। आगामी श्रीरामलीला महोत्सव, श्रीराम बारात एवं जनकपुरी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिलाधिकारी मनीष बंसल ने ऐतिहासिक रामलीला मैदान और सिकंदरा क्षेत्र के भावना एस्टेट में सजाई जा रही जनकपुरी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और श्रीरामलीला कमेटी के पदाधिकारियों के साथ आयोजन स्थल की तैयारियों की समीक्षा की और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

रामलीला मैदान के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने चारदीवारी की आवश्यक व्यवस्थाएं, नाले की समुचित सफाई, रैंप की व्यवस्था, दर्शक दीर्घा की रंगाई-पुताई और पूरे मैदान की उच्च स्तरीय साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रामलीला मैदान में साफ-सफाई सहित सभी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। साथ ही आयोजन से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने भावना एस्टेट में सजाई जा रही जनकपुरी का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण एवं सजावट कार्यों की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, आवागमन सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि श्रीरामलीला महोत्सव, श्रीराम बारात और जनकपुरी आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। प्रशासन की ओर से आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। अधिकारियों को सभी लंबित कार्य समय से पूरा कराने और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान डीसीपी मनोज कुमार, अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान, अपर नगरायुक्त शिशिर कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी राघवेंद्र वर्मा सहित श्रीरामलीला कमेटी एवं जनकपुरी के पदाधिकारी मौजूद रहे।





