तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में शुक्रवार को लघु सभागार में मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी जनपदों में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान आगरा जनपद के विक्रमपुर, भिडावली, फतेहाबाद, किरावली/अछनेरा और शमसाबाद स्थित गौ संरक्षण केंद्रों का निर्माण कार्य अधूरा पाए जाने पर मंडलायुक्त ने अंतिम समय-सीमा तय कर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोचर भूमि पर हरा चारा बोने तथा मथुरा और मैनपुरी के गौ संरक्षण केंद्रों में लक्ष्य के अनुरूप गौवंश की शिफ्टिंग प्राथमिकता से कराने को कहा।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा में आगरा, मथुरा और मैनपुरी में अन्येष्टि स्थलों के निर्माण, विद्यालयों में फर्नीचर उपलब्ध कराने और निर्माणाधीन अन्नपूर्णा भवनों का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना में आगरा में लाभार्थियों को कम भुगतान होने पर नाराजगी जताते हुए भुगतान प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं आयुष्मान भारत योजना के तहत आगरा और मथुरा में गोल्डन कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया।बैठक में सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर योजना की धीमी प्रगति पर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मुख्यमंत्री युवा उद्यमी एवं स्वरोजगार योजना के तहत सभी जनपदों में मार्जिन मनी शीघ्र जारी करने तथा रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के लंबित मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा राशन की दुकानों के रिक्त पदों पर नए चयन की प्रक्रिया में तेजी लाने और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, जिलाधिकारी मनीष कुमार बंसल (आगरा), संतोष कुमार शर्मा (फिरोजाबाद), इंद्रमणि त्रिपाठी (मैनपुरी), सी.पी. सिंह (मथुरा), मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित मंडल के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





