तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, आगरा ने जिलेभर में आटा, मैदा, सूजी, बेसन और दलिया के निर्माण एवं विक्रय प्रतिष्ठानों पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 16 विधिक खाद्य नमूने संग्रहित किए गए।

अभियान के तहत गणेश कंज्यूमर सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, भागूपुर से आटा, बेसन, दलिया, मैदा और सूजी के 5 नमूने, बी.पी. फ्लोर मिल्स प्राइवेट लिमिटेड से आटा और फोर्टिफाइड गेहूं के आटे के 2 नमूने, लक्ष्मी नारायण आटा मिल, मलपुरा से 1 नमूना, आगरा रोलर फ्लोर मिल्स से गेहूं का आटा और मैदा के 2 नमूने, अग्रवाल फूड्स, खेरागढ़ से 1 नमूना, कन्हैया फ्लोर मिल से 1 नमूना, आगरा फ्लोर मिल, सेवला जाट से 2 नमूने तथा गुप्ता एंटरप्राइजेज फ्लोर मिल से 2 नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि सभी नमूनों को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियमों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सहायक आयुक्त (खाद्य)-II महेन्द्र ने बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिले में इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।





