तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ राजकुमार मीना
आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के राधा नगर में पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

मृतक की पहचान राधा नगर निवासी दिनेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, दिनेश अपने पड़ोसी से उधार दिए गए रुपये वापस मांगने गए थे। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद पड़ोसी ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि इसी हमले के कारण दिनेश की मौत हुई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई, जिससे कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है और हर पहलू से मामले की पड़ताल जारी है।





