तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — जाहिद सलमानी
आगरा, 23 मार्च 2026। शिल्पग्राम परिसर में निर्माणाधीन यूनिटी मॉल का मण्डलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना की धीमी प्रगति पर नाराज़गी जताते हुए काम में तेजी लाने और तय समय सीमा के भीतर निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए। निरीक्षण की शुरुआत साइट प्लान के अवलोकन से हुई। अधिकारियों ने बताया कि यूनिटी मॉल परियोजना का निर्माण कार्य 15 मई 2025 से शुरू हुआ था। करीब 11.53 एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना के तहत मॉल बिल्डिंग के साथ पार्किंग, लैंडस्कैपिंग, एसटीपी, ई-चार्जिंग स्टेशन, बच्चों के खेलने की सुविधाएं और पाथवे आदि विकसित किए जाने हैं। वर्तमान में लगभग 5.50 एकड़ भूमि पर निर्माण कार्य चल रहा है। मॉल में बेसमेंट सहित चार मंजिलें बनाई जानी हैं और परियोजना की लागत करीब 128 करोड़ रुपये है। इसे नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मौके पर निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बेसमेंट निर्माण का कार्य जारी है, लेकिन प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं है। इस पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए मण्डलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और हर हाल में परियोजना समय पर पूरी हो। इस दौरान निर्माण कार्य से जुड़े विभाग ने शिल्पग्राम परिसर की शेष 6 एकड़ भूमि हैंडओवर करने की मांग भी उठाई, जहां वर्तमान में पार्किंग संचालित हो रही है। इस पर मण्डलायुक्त ने संबंधित पर्यटन विभाग के अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर शेष भूमि उपलब्ध कराने और पार्किंग की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उद्योग विभाग, पीडब्ल्यूडी और पर्यटन विभाग के संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।





