रुनकता को नगर पंचायत बनाने की मांग तेज, चलेगा हस्ताक्षर अभियान — पूर्व मंत्री उदयभान सिंह ने दिया समर्थन

POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर 

आगरा। जनप्रतिनिधि यदि ईमानदारी से कार्य करें तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता—यह बात पूर्व मंत्री एवं फतेहपुर सीकरी विधायक चौधरी उदयभान सिंह ने एक प्रेस वार्ता के दौरान कही। आगरा पब्लिक स्कूल, विजय नगर कॉलोनी में आयोजित इस प्रेस वार्ता में उन्होंने रुनकता क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और आश्वासन दिया कि पूर्व में प्रस्तावित कार्यों को अब जमीन पर उतारने का समय आ गया है। चौधरी उदयभान सिंह ने बताया कि वह शीघ्र ही अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजीकृत) के पदाधिकारियों के साथ आगरा मंडलायुक्त से मुलाकात करेंगे। इस दौरान अब तक शासन द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी और लंबित योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर जानकारी लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने रुनकता की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र ब्रज का एक अत्यंत महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां महर्षि परशुराम की तपोभूमि रेणुका धाम स्थित है और महाभारत काल से जुड़ी मान्यताएं भी हैं। साथ ही, यह ऋषि वेदव्यास की जन्मस्थली के रूप में भी जाना जाता है। रुनकता उनके लिए भावनात्मक रूप से जुड़ा विषय है और इसके विकास के लिए उनका पूरा समर्थन रहेगा। प्रेस वार्ता में अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा (पंजीकृत) की ओर से डॉ. मधु भारद्वाज ने रुनकता को नगर पंचायत का दर्जा दिलाने के लिए व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रुनकता केवल एक गांव नहीं, बल्कि भक्त शिरोमणि सूरदास जी की साधना स्थली और एक प्रमुख धार्मिक-पर्यटन केंद्र है, जिसकी पहचान राष्ट्रीय स्तर पर है। ऐसे में क्षेत्र के समुचित विकास के लिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना जरूरी है। महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि रुनकता की आबादी 20 हजार से अधिक हो चुकी है, जिसे ग्राम पंचायत के सीमित संसाधनों से संभालना अब संभव नहीं रह गया है। तेजी से हो रहे शहरीकरण और घटती कृषि निर्भरता के चलते यहां की आवश्यकताएं बदल चुकी हैं, लेकिन बुनियादी नागरिक सुविधाओं की उपलब्धता उस अनुपात में नहीं बढ़ पाई है। आगरा मेट्रो का विस्तार सिकंदरा तक होने के बाद रुनकता में आने-जाने वाले लोगों की संख्या में भी वृद्धि होने की संभावना है, जिससे क्षेत्र पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा। वक्ताओं ने यह भी कहा कि गऊघाट और रेणुका धाम जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का समुचित विकास तभी संभव है, जब रुनकता को नगर पंचायत का दर्जा दिया जाए। इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय लोगों को भी बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिल सकेंगी। प्रेस वार्ता में डॉ. महेश शर्मा, के.एन. अग्निहोत्री, अनिल शर्मा और असलम सलीमी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में रुनकता को जल्द से जल्द नगर पंचायत घोषित किए जाने की मांग की और कहा कि यह जनभावनाओं से जुड़ा विषय है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। अंत में सभी नागरिकों, विशेषकर आगरा के ब्राह्मण समाज ने शासन से अपील की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए रुनकता को शीघ्र ‘नगर पंचायत’ (टाउन एरिया) घोषित किया जाए, ताकि क्षेत्र का समग्र और संतुलित विकास सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *