आगरा सम्भाग में गेहूं खरीद की तैयारियां पूरी, 25 मार्च से शुरू होगी खरीद

आगरा उत्तर प्रदेश शाशन / प्रशासन स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — मोहम्मद सुमेर 

आगरा, 23 मार्च 2026। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गेहूं खरीद की तैयारियों को लेकर आगरा सम्भाग में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें 25 मार्च से खरीद प्रक्रिया शुरू करने की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि सभी जिलों में खरीद केन्द्रों का अनुमोदन और प्रभारी अधिकारियों की तैनाती पूरी कर ली गई है।सम्भाग में कुल 246 नियमित गेहूं खरीद केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इनमें आगरा में 47, मथुरा में 83, फिरोजाबाद में 49 और मैनपुरी में 67 केन्द्र शामिल हैं । मथुरा में 5 और फिरोजाबाद में 6 मोबाइल केन्द्र स्वीकृत किए गए हैं, जबकि आगरा और मैनपुरी में कुछ मोबाइल केन्द्रों के अनुमोदन की प्रक्रिया जारी है। 198 केन्द्रों पर परिवहन ठेकेदारों की नियुक्ति हो चुकी है, शेष के लिए निविदा प्रक्रिया जारी है। बैठक में भंडारण व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। सभी जिलों से बोरों की उपलब्धता का विवरण लेकर आवश्यकता के अनुसार समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी प्रकार की कमी न हो। साथ ही केन्द्रों पर आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। एजेंसीवार भंडारण की समीक्षा करते हुए प्रत्येक केन्द्र की स्टॉक स्थिति, खाली क्षमता और आगामी खरीद के लिए आवश्यक भंडारण का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। जहां स्टॉक भरा हुआ है, वहां से समय रहते उसका स्थानांतरण करने को कहा गया। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी केन्द्रों पर पेयजल, छाया, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। तौल उपकरणों का सत्यापन, केन्द्र प्रभारियों की नियमित उपस्थिति और उपजिलाधिकारियों द्वारा सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बारिश से बचाव के लिए त्रिपाल, पॉलीथिन कवर और क्रेट्स की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया। डिजिटल व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी केन्द्रों की जियो टैगिंग, ऑनलाइन उपस्थिति और पोर्टल पर डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिक से अधिक किसान पंजीकरण के लिए अभियान चलाने और नमी मापक यंत्रों की जांच करने को कहा गया। बैठक में विभिन्न जिलों के प्रशासनिक और खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे और गेहूं खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *