आलू किसानों को 250 रुपये प्रति कुंतल कोल्ड भाड़ा अनुदान और कृषि ऋण का 100% ब्याज माफ करने की मांग

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश किसान जिलाधिकारी

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

आगरा। भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने किसान प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी मनीष बंसल को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर आलू उत्पादक किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की। ज्ञापन में किसानों को 250 रुपये प्रति कुंतल कोल्ड भाड़ा अनुदान देने और कृषि ऋण का 100 प्रतिशत ब्याज माफ करने की मांग प्रमुखता से रखी गई। मोहन सिंह चाहर ने कहा कि आलू के दाम बेहद कम होने के कारण किसानों की उत्पादन लागत तक नहीं निकल पा रही है। ऐसे में किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और कृषि ऋण चुकाने में भी असमर्थ हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि आलू किसानों को कोल्ड भाड़े पर 250 रुपये प्रति कुंतल अनुदान देने के साथ ही कृषि ऋण का पूरा ब्याज माफ कर किसानों को राहत दी जाए। उन्होंने बताया कि इससे पहले 4 अगस्त को लखनऊ में किसान प्रतिनिधिमंडल के साथ उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और आगरा जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी से मुलाकात कर आलू किसानों की समस्याओं को लेकर मांग रखी गई थी। उस दौरान उद्यान मंत्री ने आश्वस्त किया था कि सरकार आलू किसानों को कोल्ड भाड़ा अनुदान सहित अन्य राहत देने के लिए गंभीरता से विचार कर रही है। किसान नेता ने कहा कि आलू किसानों की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। फसल का उचित मूल्य नहीं मिलने से उनकी लागत डूब रही है और कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से किसानों के हित में जल्द निर्णय लेकर आर्थिक राहत प्रदान करने की मांग की। ज्ञापन देने के दौरान मेघ सिंह, भीम सिंह, महावीर सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *