नो एंट्री में घुसे ट्रेलर ने ली मजदूर की जान: बरौली अहीर में दर्दनाक हादसा

City/ STATE'S आगरा उत्तर प्रदेश हादसा

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन 

आगरा। थाना एकता क्षेत्र के बरौली अहीर में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में नो एंट्री में घुसे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े एक मजदूर को कुचल दिया। हादसे में 53 वर्षीय मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार हादसा बरौली अहीर तिराहे के पास हुआ। मृतक की पहचान छविराम (53 वर्ष) पुत्र काशीराम, निवासी गांव कसेड़ा मनिया, जिला धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। छविराम आगरा में पेठा उद्योग में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेलर (UP 78 JT 9031) नो एंट्री के बावजूद थाना एकता की ओर से बरौली अहीर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे अपनी मोटरसाइकिल के पास खड़े छविराम तथा उनके एक साथी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छविराम की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना एकता पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी।

बताया जा रहा है कि छविराम अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन धौलपुर से आगरा के लिए रवाना हो गए।

पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि नो एंट्री के दौरान ट्रेलर शहर में कैसे प्रवेश कर गया और कहीं इसमें नियमों की अनदेखी या लापरवाही तो नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नो एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराने और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी निगरानी की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर को सीज कर चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *