मुंबई में गूंजा आगरा के फिल्म फेस्टिवल का नाम, ममता कुलकर्णी होंगीं खास आकर्षण

City/ STATE'S Cover Story Entertainment NATIONAL महाराष्ट्र मुंबई

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिश उद्दीन 

मुंबई। आगरा में आयोजित होने जा रहे 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 को लेकर फिल्मी जगत में तैयारियां तेज हो गई हैं। तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल के पोस्टर का मुंबई स्थित संस्कृति प्रोडक्शन हाउस में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी में भव्य विमोचन किया गया। प्रसिद्ध गीतकार सुधाकर शर्मा सहित फिल्म जगत के कलाकारों और रचनाकारों ने संयुक्त रूप से फेस्टिवल के पोस्टर का अनावरण किया। पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में फेस्टिवल के फाउंडर एवं फेस्टिवल डायरेक्टर सूरज तिवारी, संस्कृति प्रोडक्शन के जितेंद्र शर्मा, प्रसिद्ध गीतकार सुधाकर शर्मा, अभिनेता ईशान नकवी, अभिनेता एवं लेखक हेमेंद्र दंडोतिया, निर्देशक सनी कपूर, अभिनेता रामा मेहरा, सुरभि आर्या, अभिनेत्री रूबी आनंद तथा संस्कृति प्रोडक्शन की निदेशक रूपाली शर्मा समेत फिल्म एवं मीडिया जगत से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।फेस्टिवल डायरेक्टर सूरज तिवारी ने बताया कि आगरा में 16, 17 और 18 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत के साथ-साथ करीब 20 देशों की फिल्मों की सहभागिता प्रस्तावित है। फेस्टिवल में अलग-अलग श्रेणियों की फिल्मों को प्रदर्शित किया जाएगा, जिनमें फीचर फिल्म, शॉर्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री, एनीमेशन फिल्म, एआई फिल्म और म्यूजिक वीडियो प्रमुख रूप से शामिल हैं। इस बार फेस्टिवल का प्रमुख आकर्षण प्रसिद्ध अभिनेत्री ममता कुलकर्णी होंगी। उनके साथ फिल्म जगत की अन्य चर्चित हस्तियों के भी आगरा पहुंचने की जानकारी दी गई है। इससे आगरा में होने वाले इस फिल्म महोत्सव को लेकर फिल्म प्रेमियों और स्थानीय कला एवं संस्कृति से जुड़े लोगों में उत्साह बढ़ा है। फेस्टिवल के दौरान फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कलाकारों, निर्देशकों एवं विशेषज्ञों के साथ पैनल डिस्कशन और संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में अभिनय, सिनेमा, फिल्म निर्माण और बदलते फिल्म उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। मुंबई में आयोजित पोस्टर विमोचन समारोह के दौरान अतिथियों ने फेस्टिवल की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कृति, कला और रचनात्मक अभिव्यक्ति को दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के जरिए देश-विदेश के फिल्मकारों और कलाकारों को एक मंच पर आने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम के अंत में फिल्मी हस्तियों और आयोजकों की मौजूदगी में 8वें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 के पोस्टर का औपचारिक विमोचन किया गया। मुंबई से शुरू हुई इस आयोजन की चर्चा अब आगरा में होने वाले फिल्म फेस्टिवल को लेकर बढ़ती दिखाई दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *