तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोनिस उद्दीन
आगरा। दूरदर्शन उत्तर प्रदेश के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘वंस मोर सीजन-4’ में इस बार आगरा के दो रचनाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुति से शहर का नाम रोशन किया। आगरा की सुप्रसिद्ध कवयित्री श्रीमती चेतना शर्मा और वरिष्ठ कवि कुमार ललित के प्रभावशाली काव्य-पाठ को देश के प्रतिष्ठित कवियों और साहित्य प्रेमियों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम का निर्देशन एवं संयोजन राम शब्द बेनूर ने किया, जबकि प्रसिद्ध हास्य कवि डॉ. सर्वेश अस्थाना ने अपने विशिष्ट अंदाज में मंच का सफल संचालन किया। इस प्रतिष्ठित कवि सम्मेलन में लखनऊ, मेरठ, शाहजहाँपुर और आगरा के चुनिंदा कवियों ने अपनी रचनाओं से समां बांधा।

कुमार ललित ने अपने प्रभावशाली दोहों के बाद जब अपना गीत प्रस्तुत किया—”सृष्टि का विज्ञान साँसों की सतत आराधना है, जिंदगी बस हाथ में जल रोकने की साधना है…”तो पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम में मेरठ के विख्यात कवि सौरभ जैन ‘सुमन’ और शाहजहाँपुर के डॉ. इंदु अजनबी ने भी अपनी भावपूर्ण प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया।

यह विशेष कवि सम्मेलन 20 जुलाई को शाम 7:30 बजे दूरदर्शन उत्तर प्रदेश (डीडी यूपी) पर प्रसारित किया जाएगा। आगरा के साहित्य प्रेमियों में इस प्रसारण को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।





