तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ इस्लाम अब्बास
आगरा। उत्तर मध्य रेलवे के अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने आगरा कैंट से मथुरा जंक्शन तक आगरा–मथुरा रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं, निर्माणाधीन विकास कार्यों, स्टेशन यार्ड और संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से हुई। यहां उन्होंने प्रथम श्रेणी एवं द्वितीय श्रेणी प्रतीक्षालय, फुट ओवर ब्रिज सहित यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर यात्री आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने पर जोर दिया।इसके बाद अपर महाप्रबंधक ने कीठम रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां नव निर्मित गुड्स शेड, स्टेशन भवन और प्लेटफॉर्म का जायजा लिया। उन्होंने ऑन-ड्यूटी स्टेशन स्टाफ से स्टेशन की कार्यप्रणाली एवं परिचालन से संबंधित जानकारी ली। इसके अलावा फुट ओवर ब्रिज तथा स्टेशन यार्ड में प्वाइंट एवं क्रॉसिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने LHS संख्या 521, फरह-बाद तथा LHS संख्या 520 का जायजा लिया। संबंधित अधिकारियों से इनकी स्थिति और रखरखाव की जानकारी लेते हुए संरक्षा से जुड़े पहलुओं की समीक्षा की। इसके बाद मथुरा जंक्शन पहुंचकर अपर महाप्रबंधक ने प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय एंट्री का निरीक्षण किया। उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर एक, पे एंड यूज़ सुविधा सहित अन्य यात्री सुविधाओं का जायजा लिया और बेहतर यात्री प्रबंधन पर जोर दिया।

मथुरा जंक्शन की सेकंड और थर्ड एंट्री पर निर्माणाधीन होल्डिंग एरिया का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सेकंड एंट्री की लिफ्ट और स्टेशन यार्ड में दिल्ली एंड की प्वाइंट एवं क्रॉसिंग व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।

अपर महाप्रबंधक राजकुमार वानखेड़े ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने यात्री सुविधाओं के विकास के साथ संरक्षा, स्वच्छता, सुगम यात्री आवागमन और बेहतर परिचालन व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन कार्यों के दौरान यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का नियमित निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक गिरीश कुमार गुप्ता सहित रेलवे के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।





