तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / राजकुमार मीना
आगरा। मध्य प्रदेश हाई कोर्ट द्वारा भोजशाला मंदिर मामले में हिंदू पक्ष के पक्ष में फैसला सुनाए जाने के बाद आगरा में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। फैसले के बाद हिंदू महासभा जिला अध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में ताजमहल के पश्चिमी द्वार स्थित आरके स्टूडियो के बाहर मिष्ठान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ राहगीरों, आम जनमानस और मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों को लड्डू बांटकर खुशी जाहिर की। इस दौरान “जय श्रीराम” और “भोजशाला हमारा गौरव” जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
सूचना मिलने पर ACP ताज सुरक्षा थाना ताजगंज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं को वहां मिष्ठान वितरण करने से रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर हिंदूवादी कार्यकर्ताओं और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस हो गई।

कार्यकर्ताओं का कहना था कि वे केवल खुशी जाहिर कर रहे हैं और शांतिपूर्ण तरीके से मिठाई बांट रहे हैं, जबकि पुलिस प्रशासन सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने की बात कहता रहा। कुछ देर तक मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में पुलिस ने स्थिति को संभाल लिया। घटना के दौरान ताजगंज क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे घटनाक्रम को देखने के लिए स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने हालात को नियंत्रित रखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी।





