तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — जाहिद सलमानी / मोहम्मद सुमेर
आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई में जाविद, नाविद उर्फ मोटा, शाहिद उर्फ सोहेल और ऑटो चालक अरमान को दबोचा गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 मोबाइल फोन, 1200 रुपये नकद और बिना नंबर का एक ऑटो बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार यह गिरोह ऑटो में बैठी सवारियों को निशाना बनाकर मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं को अंजाम देता था। लंबे समय से इनकी गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद थाना प्रभारी नीरज शर्मा के निर्देशन में चौकी नेहरू नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने कई घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है। गिरफ्तार बदमाशों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में मोबाइल चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।





