तहकीकात TODAY
ब्यूरो रिपोर्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ की काकोरी पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात भी बरामद किए हैं। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम देवपुरी निवासी मनोज उर्फ पुष्पेंद्र पुत्र शिवराज सिंह ने 11 मई 2026 को थाना काकोरी में अपने घर से जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना काकोरी में मुकदमा संख्या 165/2026 धारा 305(ए)/331(3) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर उपनिरीक्षक छत्रजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश और सुरागरसी में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UP32LT 3634 के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सागर कुमार पुत्र गोपी गौतम निवासी ग्राम गरहा थाना सरोजनीनगर जनपद लखनऊ बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर 9 मई को ग्राम देवपुरी के पास स्थित घर में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घर से इन्वर्टर बैटरी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी किए गए थे। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंगलसूत्र का लॉकेट, मांग टीका, चेन, एक जोड़ी पायल तथा बच्चों के कड़े बरामद किए। वहीं आरोपी वाहन के वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके चलते पुलिस ने मोटरसाइकिल को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया। काकोरी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि मामले में फरार दूसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक छत्रजीत सिंह, महिला उपनिरीक्षक दिनेश कुमारी, कांस्टेबल गौरव भदौरिया, कांस्टेबल विवेक कुमार और कांस्टेबल वीर बहादुर शामिल रहे।





