तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा । विश्व प्रसिद्ध ताजमहल घूमने आई एक महिला पर्यटक की अचानक तबीयत बिगड़ने पर ताज सुरक्षा पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। समय पर उपचार मिलने से युवती की हालत में सुधार हुआ, जिसके बाद वह अपने परिवार के साथ सकुशल अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गई।

जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम निवासी पर्यटक राजशेखर अपने परिवार के साथ ताजमहल का भ्रमण करने आए थे। शाम करीब 5:00 बजे ताजमहल का भ्रमण समाप्त कर परिवार पश्चिमी गेट से बाहर निकल रहा था। इसी दौरान उनकी 18 वर्षीय पुत्री कोमला हाशमी की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर जमीन पर गिर पड़ी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक थाना ताज सुरक्षा तिलकराम भाटी के निर्देशन में थाना ताज सुरक्षा पुलिस की क्विक रिस्पांस टीम (QRT) तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए पश्चिमी पार्किंग स्थित पर्यटक सुविधा केंद्र से डॉ. रिंकू बघेल एवं एंबुलेंस चालक भूरे सिंह को सूचना देकर एंबुलेंस मौके पर बुलवाई और युवती को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा। समय पर चिकित्सा सुविधा मिलने से युवती के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हुआ। उपचार के बाद वह पूरी तरह सुरक्षित होकर अपने परिवार के साथ आगे की यात्रा पर रवाना हो गई।

पर्यटक परिवार ने आगरा पुलिस की त्वरित सहायता, संवेदनशीलता और मानवीय व्यवहार की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। इस घटना ने एक बार फिर यह साबित किया कि ताज सुरक्षा पुलिस केवल सुरक्षा व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में पर्यटकों की मदद के लिए पूरी तरह तत्पर रहती है। इस सराहनीय कार्य में शामिल पुलिस टीम में उप निरीक्षक शिवराज सिंह, उप निरीक्षक आशना बी, मुख्य आरक्षी विजय प्रताप तथा आरक्षी दुर्गेश कुमार शामिल रहे।





