तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) का अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को एडीए ने कालिंदी विहार क्षेत्र में दो अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। दोनों निर्माण या तो स्वीकृत मानचित्र के विपरीत बनाए जा रहे थे या बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माणाधीन थे। एडीए के अनुसार पहली कार्रवाई कालिंदी विहार सेक्टर-डी स्थित एचआईजी-डी-70जे पर की गई, जहां कृष्णपाल सिंह द्वारा स्वीकृत मानचित्र से अलग निर्माण कराया जा रहा था। जांच में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम की धारा 28(क)(1) के तहत निर्माण को सील कर दिया गया।

दूसरी कार्रवाई कालिंदी विहार सेक्टर-बी स्थित पेटा नगरी के पीयू-37 पर की गई। यहां रोशनलाल भारती द्वारा बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण कराया जा रहा था। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए इस निर्माण को भी सील कर दिया। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई प्रभारी प्रवर्तन के निर्देशन में सहायक अभियंता, अवर अभियंता एवं सचल दस्ते के सहयोग से की गई। सीलिंग के बाद दोनों स्थानों पर आगे के निर्माण कार्य पर रोक लगा दी गई है। एडीए ने स्पष्ट किया है कि बिना मानचित्र स्वीकृति या स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा। प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भवन निर्माण से पहले आवश्यक मानचित्र स्वीकृत कराएं और निर्धारित नियमों का पालन करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।





