तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान / अजेंद्र सिंह चौहान
आगरा। ताज की नगरी आगरा में पर्यटन के साथ-साथ ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना के तहत शासन के पर्यटन विभाग ने आगरा की दो महत्वपूर्ण पर्यटन परियोजनाओं के विकास के लिए कुल 9 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। इसमें ताज नेचर वॉक के जीर्णोद्धार और ईको-फ्रेंडली इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 5 करोड़ रुपये, जबकि बुढ़िया ताल के आसपास पर्यटक सुविधाओं के विकास के लिए 4 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। एत्मादपुर विधायक डा. धर्मपाल सिंह के मुताबिक पर्यटन अनुभाग की ओर से जारी आदेश में ताज नेचर वॉक के विकास के लिए स्वीकृत धनराशि का उपयोग क्षेत्र के जीर्णोद्धार और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं को विकसित करने में किया जाएगा। इसका उद्देश्य यहां आने वाले पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण के बीच बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।वहीं, बुढ़िया ताल के समीप पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए 4 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। यह स्वीकृति जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, आगरा की ओर से भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर प्रदान की गई है। परियोजना के तहत पर्यटकों की सुविधा के लिए रेस्टोरेंट, वॉच टॉवर, लैंडस्केपिंग और अन्य आधुनिक पर्यटक सुविधाएं विकसित किए जाने की योजना है खास बात यह होगी कि बुढ़िया ताल क्षेत्र के विकास के दौरान उसके प्राकृतिक स्वरूप और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए ईको-फ्रेंडली इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। इससे पर्यटकों को प्राकृतिक वातावरण में समय बिताने और क्षेत्र की खूबसूरती को करीब से देखने का अवसर मिलेगा। ताज नेचर वॉक और बुढ़िया ताल, दोनों परियोजनाओं को आगरा के पर्यटन विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है। आगरा में आने वाले पर्यटकों के लिए अभी तक मुख्य आकर्षण ऐतिहासिक इमारतें और मुगलकालीन धरोहरें रही हैं, लेकिन इन परियोजनाओं के जरिए शहर में प्राकृतिक और हरित पर्यटन को भी मजबूत करने की कोशिश की जा रही है शासन की ओर से स्वीकृत परियोजनाओं पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। परियोजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद इन पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं में विस्तार होने के साथ पर्यटकों के अनुभव में भी बदलाव आने की उम्मीद है। साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से आसपास के क्षेत्रों में रोजगार और व्यवसाय के अवसर भी बढ़ सकते हैं। कुल मिलाकर, 9 करोड़ रुपये की इन दोनों परियोजनाओं से आगरा के पर्यटन मानचित्र पर प्राकृतिक पर्यटन को नई पहचान मिलने की संभावना है। ताज नेचर वॉक और बुढ़िया ताल के विकास के जरिए आगरा को ऐतिहासिक धरोहरों के साथ-साथ प्राकृतिक एवं पर्यावरण अनुकूल पर्यटन के लिए भी और आकर्षक बनाने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।





