तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान / मोनिश उद्दीन
आगरा। थाना अछनेरा क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोवंश चोरी की घटना में शामिल दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि उसके साथी को मौके से दबोच लिया गया।पुलिस के अनुसार साधन तिराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश निजामुद्दीन उर्फ नुईया के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा।

घायल बदमाश के साथ मौजूद उसका साथी रिहान मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और अन्य संदिग्ध सामान बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गोवंश चोरी की कई घटनाओं में शामिल बताए जा रहे हैं और इनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है। थाना अछनेरा पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों में हड़कंप मच गया है।





