तहकीकात TODAY
रिपोर्ट — फरहान खान
आगरा | होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मनीष बंसल और अपर पुलिस आयुक्त राम बदन सिंह ने संयुक्त रूप से आगरा कॉलेज समेत जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, अभ्यर्थियों की एंट्री प्रक्रिया और सीटिंग प्लान का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साफ निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बोर्ड की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन कराया जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने विशेष इंतजामों पर जोर दिया है। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए शीतल पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और छायादार स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। द्वितीय पाली के परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश द्वार पर ग्रीन नेट या शेड लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं, ताकि उन्हें गर्मी से राहत मिल सके। साथ ही बायोमेट्रिक उपस्थिति को भी छायादार स्थान पर कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। नकल रोकने के लिए जैमर और बायोमेट्रिक तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि या परीक्षा की गरिमा भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने और परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।

गौरतलब है कि जनपद में 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जिले में कुल 28 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 75,168 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी—पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी और केंद्र व्यवस्थापक भी मौजूद रहे।





