तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ मोहम्मद सुमेर
आगरा। वाइल्डलाइफ एसओएस और उत्तर प्रदेश वन विभाग की संयुक्त टीम ने आगरा के दो अलग-अलग स्थानों पर दो सांपों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। टीम ने मिधाकुर गांव के एक खेत से लगभग 12 फीट लंबे भारतीय अजगर (Python molurus) और किरावली वन क्षेत्र स्थित एक मंदिर परिसर से कॉमन सैंड बोआ (Eryx conicus) का सुरक्षित रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार मिधाकुर गांव के ज्वार (चरी) के घने खेत में विशाल अजगर छिपा हुआ था। 10 से 12 फीट ऊंची फसल के बीच उसे ढूंढना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। सूचना मिलने पर वाइल्डलाइफ एसओएस की रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट और उत्तर प्रदेश वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक बिना किसी नुकसान के अजगर का रेस्क्यू किया।

वहीं, दूसरी घटना में किरावली वन क्षेत्र के एक मंदिर परिसर में कॉमन सैंड बोआ दिखाई देने से लोगों में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सांप को सुरक्षित पकड़कर स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उपयुक्त वन क्षेत्र में छोड़ दिया। विशेषज्ञों के अनुसार भारतीय अजगर को आईयूसीएन रेड लिस्ट में निकट संकटग्रस्त (Near Threatened) श्रेणी में रखा गया है और इसे वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत सर्वोच्च कानूनी संरक्षण प्राप्त है। वहीं, कॉमन सैंड बोआ एक विषहीन सांप है, लेकिन अंधविश्वास और अवैध वन्यजीव तस्करी के कारण यह सबसे अधिक तस्करी किए जाने वाले सांपों में शामिल है।

वाइल्डलाइफ एसओएस के सह-संस्थापक एवं सीईओ कार्तिक सत्यनारायण ने कहा कि घने खेतों में छिपे अजगर का रेस्क्यू बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि यह घटना वन्यजीवों और कृषि क्षेत्रों के बीच गहरे संबंध को भी दर्शाती है तथा उत्तर प्रदेश वन विभाग के सहयोग से दोनों रेस्क्यू सुरक्षित तरीके से पूरे किए गए। सह-संस्थापक एवं सचिव गीता शेषमणि ने लोगों से अपील की कि सांप दिखाई देने पर उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

संरक्षण परियोजनाओं के निदेशक बैजूराज एम.वी. ने कहा कि कॉमन सैंड बोआ की अवैध तस्करी एक गंभीर चुनौती है, लेकिन अब लोग जागरूक होकर ऐसे मामलों की सूचना संबंधित विभागों को दे रहे हैं, जो वन्यजीव संरक्षण के लिए सकारात्मक संकेत है। वाइल्डलाइफ एसओएस ने लोगों से अपील की है कि आगरा-मथुरा क्षेत्र में किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसकी आपातकालीन हेल्पलाइन +91 9917109666 पर सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित विशेषज्ञ समय पर सुरक्षित रेस्क्यू कर सकें।





