सामूहिक विवाह समारोह मे 118 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ

City/ STATE'S Entertainment Exclusive NATIONAL POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश प्रदेश सरकार योगी आदित्यनाथ स्थानीय समाचार

तहकीकात TODAY

रिपोर्ट — इस्तिकार खान 

आगरा। फतेहाबाद में मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। गोपाल गार्डन मैरिज होम में आयोजित समारोह में 118 जोड़ों का विवाह विधि-विधान और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया।

समारोह में वैदिक मंत्रोच्चारण, मंगल गीतों और विवाह की पारंपरिक रस्मों के बीच वर-वधू ने सात फेरे लेकर एक-दूसरे का हाथ थामा। विवाह स्थल पर मौजूद परिजनों और अतिथियों ने नवविवाहित दंपतियों को आशीर्वाद देकर उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना की। पूरे कार्यक्रम के दौरान विवाह स्थल खुशियों और उल्लास से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, पूर्व मंत्री राम सकल गुर्जर और अपर जिलाधिकारी फूड एंड सप्लाई सहित जनपद के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान किया।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शासनादेश के अनुसार नवविवाहित दंपतियों को गृहस्थी से जुड़ी विभिन्न सामग्री भी उपलब्ध कराई गई। इसमें डिनर सेट, डबल बेड, कंबल, तकिया, गद्दा, आयरन प्रेस, सीलिंग फैन, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, कूलकेज, 5 लीटर कुकर, कड़ाही, कपड़े तथा महिलाओं के लिए साड़ी, ब्राइडल लहंगा, पेटीकोट, चुनरी, सिंदूर/सिंहोरा, चूड़ी एवं कंगन सेट आदि शामिल रहे। समारोह में वर-वधू के परिजनों और अतिथियों के लिए बैठने, भोजन, पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं जिला प्रशासन और संबंधित विभागों द्वारा सुनिश्चित की गईं।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के विवाह योग्य युवक-युवतियों को विवाह के लिए सहायता उपलब्ध कराने वाली शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार आर्थिक सहायता और विवाह से संबंधित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा, जनसमर्पण और जनकल्याणकारी कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जनपद में विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सेवा-समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में डीडीओ भावना यादव, समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र पाल सिंह, डीसी एनआरएलएम प्रेमचंद, डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *