बिट्टू हत्याकांड में फरार सिपाही गिरफ्तार, परिवार ने मुख्यमंत्री से मांगी आर्थिक मदद

City/ STATE'S Cover Story CRIME उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / अजेंद्र सिंह चौहान 

आगरा। सेवला जाट में ढाबा कर्मी बिट्टू लवानिया हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी सिपाही जैकी चौधरी को पुलिस ने प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि 9 अक्टूबर को महेश के ढाबे पर हुए विवाद के दौरान जैकी ने अपनी सरकारी पिस्टल से बिट्टू के सीने में गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल बिट्टू ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बिट्टू और जैकी पहले से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों की पहचान बिट्टू के मित्र रवि और देवा के जरिए हुई थी। बताया जा रहा है कि एक जन्मदिन की पार्टी में दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद से उनके बीच रंजिश चल रही थी। वारदात वाले दिन बिट्टू, रवि, देवा और जैकी ढाबे के सामने खाली प्लॉट में बैठे थे। इसके बाद सभी महेश के ढाबे पर पहुंचे, जहां फिर से बिट्टू और जैकी के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि जैकी ने पहले हवा में फायर किया और फिर बिट्टू के सीने में गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

आरोपी जैकी चौधरी आगरा के मधुनगर क्षेत्र का रहने वाला है। वह 2011 बैच का सिपाही है और प्रयागराज में एक न्यायिक अधिकारी के गनर के रूप में तैनात था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। प्रयागराज से गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

वहीं, बिट्टू की मौत के बाद उसके परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। बिट्टू विवाहित था और उसकी एक बेटी है। उसके पिता रामगोविंद सेना से सेवानिवृत्त हैं। मृतक की पत्नी ने मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। परिवार का कहना है कि बिट्टू की मौत के बाद आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों का पहुंचना भी जारी है। पूर्व सांसद सीमा उपाध्याय समेत चाणक्य सेवा के पदाधिकारियों ने परिजनों से मुलाकात की। ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधिमंडल ने भी पुलिस अधिकारियों से मिलकर परिवार को न्याय और आर्थिक मदद दिलाने की मांग उठाई थी। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर चुके हैं। फिलहाल, आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी के बाद परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है, जबकि पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *