हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत, किशोरी झुलसी

City/ STATE'S CRIME आगरा स्थानीय समाचार हादसा

विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप, गांव में मचा कोहराम

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट — फरहान खान / मोनिस उद्दीन 

आगरा। थाना खेड़ा राठौर क्षेत्र के गांव मझटीला के उपगांव बिरखेपुरा में हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से 20 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसे बचाने गई एक किशोरी भी झुलस गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया। परिजनों ने विद्युत विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि गांव में मकानों की छतों के ऊपर से हाई टेंशन लाइन गुजर रही है। बुधवार को युवक किसी काम से घर की छत पर गया था, तभी वह अचानक हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही युवक गंभीर रूप से झुलस गया। युवक को बचाने के प्रयास में एक किशोरी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गई। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में युवक को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं झुलसी किशोरी का उपचार कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विद्युत विभाग ने छतों के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को हटाने या सुरक्षित करने की कोई कार्रवाई नहीं की। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही के चलते एक युवक की जान चली गई। घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस और विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के आश्वासन पर मामला शांत हुआ। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *