आगरा में ईवीएम की एफएलसी प्रक्रिया शुरू

City/ STATE'S POLITICS आगरा उत्तर प्रदेश

तहकीकात TODAY 

रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी 

आगरा। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत आगरा में ईवीएम की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बुधवार को नवीन कृषि उत्पादन मंडी समिति, टूंडला रोड स्थित ईवीएम वेयरहाउस-02 में एफएलसी प्रक्रिया का शुभारंभ हुआ। इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई। एफएलसी के दौरान ईवीएम वेयरहाउस को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोला और बंद किया गया। मौके पर समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

अपर जिलाधिकारी नगर/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार एफएलसी नोडल अधिकारी सैंडिश गुप्ता की उपस्थिति और जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। एफएलसी के प्रथम दिन 25 मशीन इंजीनियरों द्वारा 183 बैलेट यूनिट (बीयू), 217 कंट्रोल यूनिट (सीयू) और 196 वीवीपैट मशीनों की एफएलसी की गई। जांच से संबंधित पूरा विवरण ईएमएस पोर्टल पर भी दर्ज किया गया। एफएलसी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए मंडी समिति स्थित एफएलसी क्षेत्र में पूर्ण बैरिकेडिंग और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एफएलसी हॉल में प्रवेश और निकास के लिए एकल मार्ग निर्धारित किया गया है। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पहचान-पत्र की व्यवस्था के साथ साफ-सफाई, पेयजल और टॉयलेट की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

एफएलसी स्थल पर सशस्त्र पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती कर 24 घंटे सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। हॉल में टेबल, कुर्सी, पंखे, कूलर और प्रकाश व्यवस्था के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे एवं लाइव वेबकास्टिंग के लिए वेब कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम भी किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार ईवीएम के भंडारण एवं सुरक्षा से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित ईवीएम मैनुअल और दिशा-निर्देशों के अनुरूप पालन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *