तहकीकात TODAY
रिपोर्ट – फरहान खान/ जाहिद सलमानी
आगरा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो के बाद आगरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। मामला थाना रकाबगंज क्षेत्र का है, जहां सट्टे की गद्दी चलाने के नाम पर ₹2 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, वायरल ऑडियो के आधार पर प्रारंभिक जांच के बाद तीन नामजद एवं एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रंगदारी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। ऑडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। साथ ही वायरल ऑडियो की सत्यता की जांच और अन्य साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई भी जारी है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।





